उपायुक्त अजय नाथ झा ने SIR-2026 और जनगणना कार्य की समीक्षा की, 5 सितंबर तक जनगणना कार्य पूरा करने का निर्देश
बोकारो | 02 सितंबर 2026
बोकारो में मतदाता सूची को और मजबूत बनाने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ा अभियान शुरू करने की तैयारी की है। उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी अजय नाथ झा ने वीडियो संवाद के माध्यम से SIR-2026 अभियान, नए मतदाताओं के पंजीकरण, अनमैप्ड मतदाताओं की सुनवाई और जनगणना कार्य की प्रगति की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुसार काम करते हुए पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में जोड़ने और लंबित कार्यों को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया।
हर बूथ पर 60 नए मतदाताओं का लक्ष्य
उपायुक्त ने जिले के सभी मतदान केंद्रों पर कम से कम 60 नए मतदाताओं को मतदाता सूची से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए युवाओं को विशेष रूप से जागरूक करने का निर्देश दिया गया है।
उन्होंने सभी ERO और AERO को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करने तथा BLO-2 के माध्यम से नए मतदाताओं को जोड़ने की आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
यह भी पढ़े : बोकारो में अतिक्रमण पर BSL सख्त, अनधिकृत निर्माण हटाने के लिए फिर मिला 7 दिन का समय
यह भी पढ़े : बोकारो में बारिश के बीच सड़कों पर उतरे DC अजय नाथ झा, 10 दिन में पानी टंकियां बदलने का निर्देश
#YuvaBokaro अभियान से युवाओं को जोड़ने की तैयारी
नए मतदाताओं को जागरूक करने के लिए सोशल मीडिया पर #YuvaBokaro अभियान चलाया जाएगा। इसके माध्यम से 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
उपायुक्त ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि “आप भारत के नागरिक हैं, चुनाव व्यवस्था से जुड़ें।” उन्होंने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि पात्र नया मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
स्कूलों में भी चलेगा मतदाता जागरूकता अभियान
मतदाता पंजीकरण अभियान को स्कूलों तक पहुंचाने का भी निर्देश दिया गया है। जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला शिक्षा अधीक्षक को सभी विद्यालयों की प्रार्थना सभा के दौरान मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने का संदेश देने को कहा गया।
बच्चों को शपथ दिलाई जाएगी कि वे अपने परिवार में 18 वर्ष या उससे अधिक उम्र के ऐसे सदस्यों, जिनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, का फॉर्म-6 भरने में सहयोग करेंगे।
इसके अलावा फॉर्म-6 से संबंधित ऑडियो-वीडियो संदेश सोशल मीडिया पर प्रसारित करने तथा प्रमुख चौक-चौराहों पर बैनर और पोस्टर के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है।
अनमैप्ड मतदाताओं की सुनवाई की भी समीक्षा
वीडियो संवाद के दौरान उपायुक्त ने जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में अनमैप्ड मतदाताओं की सुनवाई की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी मामलों में तत्परता से कार्रवाई करने और सुनवाई से जुड़े कार्यों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि पात्र मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
जनगणना कार्य 5 सितंबर तक पूरा करने का निर्देश
समीक्षा के दौरान जिला जनगणना हस्तपुस्तिका तैयार करने के कार्य की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने DCHB पोर्टल/मोबाइल ऐप के माध्यम से ग्राम निर्देशिका और नगर निर्देशिका में आंकड़े भरने का कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।
भरे गए आंकड़ों का चार्ज पदाधिकारी के माध्यम से वैलिडेशन 5 सितंबर तक पूरा करने को कहा गया। पेटरवार और चंदनकियारी प्रखंड को इस कार्य पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया है।
9 सितंबर के प्रमंडलीय आयुक्त के दौरे की तैयारी
उपायुक्त ने आगामी 9 सितंबर को प्रस्तावित प्रमंडलीय आयुक्त के भ्रमण कार्यक्रम की तैयारियों की भी समीक्षा की। संबंधित अधिकारियों को कार्यालय से जुड़े अभिलेखों को अपडेट रखने और आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया गया।
शिक्षक दिवस पर आंदोलनकारियों को मिलेंगे प्रमाण-पत्र
समीक्षा बैठक में 5 सितंबर शिक्षक दिवस के अवसर पर झारखंड आंदोलनकारियों के बीच प्रमाण-पत्र वितरण कार्यक्रम की तैयारियों की भी जानकारी ली गई।
उपायुक्त ने अलग-अलग प्रखंडों के लिए काउंटर स्थापित करने और वहां शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया, ताकि प्रमाण-पत्र वितरण में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
जिलेभर में शिक्षकों का होगा सम्मान
शिक्षक दिवस के अवसर पर जिले के सभी विद्यालयों, प्रखंड और जिला स्तर पर शिक्षक सम्मान कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उपायुक्त ने प्रशासनिक पदाधिकारियों को इन कार्यक्रमों में शामिल होने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि शिक्षकों का सम्मान करना गौरव की बात है। शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षक सम्मान समारोह में प्रशासनिक अधिकारियों की सहभागिता शिक्षकों के प्रति प्रशासन की कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है।





