City Hulchul News
हर जरूरी खबर की जानकारी सबसे पहले पाएं
🔔
News Notifications नई खबर की सूचना सीधे पाएं
WhatsApp Channel सीधे मोबाइल पर खबरें पाएं
YouTube News Videos & Live Updates
f
Facebook Latest News & Updates
झारखंडबोकारोशिक्षा

बोकारो में 61 शिक्षकों को मिला ‘गुरु वशिष्ठ बेस्ट टीचर अवार्ड’, IG शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने किया सम्मानित

MGM हायर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित सम्मान समारोह में विभिन्न स्कूलों के 61 शिक्षक-शिक्षिकाओं को सम्मानित किया गया। IG शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने शिक्षकों से अनुशासन और बच्चों की प्रतिभा निखारने की अपील की।

MGM स्कूल में हुआ सम्मान समारोह, शिक्षकों से बच्चों की प्रतिभा निखारने और अनुशासन को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील

बोकारो | 3 सितंबर 2026

शिक्षक केवल बच्चों को किताबों का ज्ञान नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व और भविष्य को दिशा देने का काम करते हैं। इसी भावना के साथ डा. राधाकृष्णन सहोदया स्कूल कॉम्प्लेक्स, बोकारो की ओर से गुरुवार को एमजीएम हायर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-4 एफ में ‘गुरु वशिष्ठ बेस्ट टीचर अवार्ड सेरेमनी’ का आयोजन किया गया। समारोह में विभिन्न विद्यालयों के 61 शिक्षक-शिक्षिकाओं को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तरी छोटानागपुर जोन, बोकारो के पुलिस महानिरीक्षक शैलेंद्र कुमार सिन्हा रहे। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान सहोदया स्कूल कॉम्प्लेक्स के पदाधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के निदेशक और प्राचार्य भी मौजूद रहे।

शिक्षक समाज को दिशा देने वाले आदर्श: IG

समारोह को संबोधित करते हुए IG शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने गुरु वशिष्ठ और पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एस. राधाकृष्णन के योगदान का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि गुरु का समाज में विशेष स्थान है और शिक्षक समाज को आगे ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने शिक्षकों से अनुशासन को प्राथमिकता देने की अपील करते हुए कहा कि जब शिक्षक स्वयं अनुशासित रहेंगे, तभी वे विद्यार्थियों को भी अनुशासन का महत्व समझा पाएंगे। शिक्षक बच्चों और समाज के लिए आदर्श बनें, क्योंकि आदर्श शिक्षक की अपनी अलग पहचान होती है।

उन्होंने कहा कि आज भारतीय मूल के कई युवा दुनिया के बड़े कॉरपोरेट संस्थानों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल रहे हैं। बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत है कि शिक्षक उनकी प्रतिभा को पहचानकर उसे सही दिशा दें। इसका लाभ राज्य और देश दोनों को मिलेगा।

बच्चों की प्रतिभा को निखारने पर जोर

IG ने कहा कि गुरु वह व्यक्तित्व है जो बच्चों को सही राह दिखाता है। शिक्षक अपनी बात और व्यवहार के जरिए विद्यार्थियों के बीच अपनी पहचान बनाएं और उनके लिए प्रेरणास्रोत बनें।

वहीं एमजीएम हायर सेकेंडरी स्कूल के प्राचार्य एवं CBSE डिस्ट्रिक्ट डिप्टी कोऑर्डिनेटर फादर डॉ. जोशी वर्गीस ने कहा कि शिक्षक बच्चों में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और उनके भविष्य को संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने शिक्षकों को अपने कर्तव्य के प्रति जागरूक रहने की अपील की।

गीत और नृत्य से विद्यार्थियों ने बांधा समां

समारोह के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों ने गीत और नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी। ‘गुरुवर आपको शत-शत प्रणाम’ गीत के माध्यम से विद्यार्थियों ने गुरु की महिमा का गुणगान किया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

इन शिक्षकों को मिला गुरु वशिष्ठ सम्मान

समारोह में भारत सिंह पब्लिक स्कूल बेरमो के मनीष कुमार और सविता कुमारी, बोकारो पब्लिक स्कूल के आकाश कुमार मंडल और पूनम चौधरी, बीआरएल डीएवी भंडारीदह के संजय कुमार सिंह और लतिका राय, चिन्मय विद्यालय के बीरेंद्र कुमार श्रीवास्तव और रेणु साह सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकों को सम्मानित किया गया।

सम्मान पाने वालों में डीएवी इस्पात पब्लिक स्कूल, डीएवी पब्लिक स्कूल दुग्दा, कथारा, टीटीपीएस ललपनिया, छह, चार, तेनुघाट, दयानंद आदर्श विद्यालय चंदनकियारी, डॉ. राजेंद्र प्रसाद पब्लिक स्कूल, गैलेक्सी पब्लिक स्कूल, गौरव आवासीय उच्च विद्यालय, कृष्णा सुदर्शन सेंट्रल स्कूल बेरमो, एमजीएम हायर सेकेंडरी स्कूल, मिथिला अकादमी पब्लिक स्कूल, एमजेएम पब्लिक स्कूल, माउंट सियोन स्कूल, पांडा इंटरनेशनल स्कूल, रेनबो पब्लिक स्कूल, सैंफोर्ड इंटरनेशनल एकेडमी, सरदार पटेल पब्लिक स्कूल, दक्षिण पूर्व रेलवे इंटर कॉलेज भोजूडीह, संत पॉल्स मॉडर्न स्कूल बोकारो थर्मल, दी ओरिएंटल फाउंडेशन स्कूल पिंड्राजोरा और दी ओरिएंटल पब्लिक स्कूल न्यू सिजुआ बालीडीह के शिक्षक शामिल रहे।

कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य फादर डॉ. जोशी वर्गीस ने IG शैलेंद्र कुमार सिन्हा को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया। इसके अलावा विभिन्न विद्यालयों के निदेशकों और प्राचार्यों को भी सम्मानित किया गया।

शिक्षा जगत के कई प्रमुख लोग रहे मौजूद

समारोह में उप प्राचार्य राखी बनर्जी, हेडमिस्ट्रेस सपना जोशी, डीएवी चार के प्राचार्य एसके मिश्रा, माउंट सियोन स्कूल के निदेशक संजीव ठाकुर, डीएवी दो की प्राचार्य अनुराधा सिंह, गैलेक्सी स्कूल के प्राचार्य एसके दत्ता, दयानंद स्कूल के प्राचार्य एमके दत्ता, बोकारो पब्लिक स्कूल की प्राचार्य डॉ. सुधा शेखर, सरदार पटेल स्कूल नौ के प्राचार्य सुमित कुमार और मिथिला अकादमी पब्लिक स्कूल के प्राचार्य अमर प्रसाद समेत विभिन्न विद्यालयों के निदेशक एवं प्राचार्य उपस्थित रहे।


City Hulchul Official

City Hulchul News की टीम बोकारो, झारखंड और देश-दुनिया से जुड़ी महत्वपूर्ण खबरों को निष्पक्ष और विश्वसनीय तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए लगातार काम करती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!