बालीडीह थाना में शांति समिति की बैठक, DJ पर प्रतिबंध; भीड़ वाले इलाकों में ड्रोन और CCTV से निगरानी, ट्रैफिक-पार्किंग के लिए बनेगा अलग प्लान
बोकारो | 06 अक्टूबर 2026
दशहरा और दुर्गा पूजा के शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर मंगलवार को बालीडीह थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में दुर्गा पूजा पंडाल समितियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, शांति समिति के सदस्यों और दोनों समुदायों के गणमान्य लोगों ने हिस्सा लिया। इस दौरान पूजा पंडालों की सुरक्षा से लेकर विसर्जन व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण तक पर चर्चा हुई।
बैठक में पूजा समितियों और शांति समिति के सदस्यों के सुझाव एवं अपेक्षाएं सुनी गईं। इसके बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
DJ पर प्रतिबंध, CCTV से निगरानी
बालीडीह थाना प्रभारी ने पूजा समितियों को पंडाल की सुरक्षा, विसर्जन रूट, DJ प्रतिबंध, CCTV कैमरे, क्यू मैनेजमेंट और फायर एक्सटिंग्विशर की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
अधिक भीड़ वाले स्थानों पर ड्रोन से निगरानी की व्यवस्था पर भी जोर दिया गया। प्रत्येक पंडाल में फर्स्ट एड किट और पर्याप्त संख्या में वॉलंटियर्स रखने का निर्देश दिया गया।
आग या ज्वलनशील सामग्री वाले स्थानों पर नायलॉन की रस्सी और प्लास्टिक के इस्तेमाल से बचने को कहा गया।
सोशल मीडिया पर रहेगी पुलिस की नजर
पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) ने कहा कि शांतिपूर्ण दशहरा आयोजन पुलिस-प्रशासन के साथ जनप्रतिनिधियों और आम लोगों की भी सामूहिक जिम्मेदारी है।
पूजा पंडालों में पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। सोशल मीडिया गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है और असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ट्रैफिक और पार्किंग व्यवस्था के लिए अलग योजना तैयार की जा रही है।
विसर्जन के समय में एकरूपता पर जोर
अनुमंडल पदाधिकारी ने प्रतिमा विसर्जन की तिथि और समय में एकरूपता बनाए रखने पर जोर दिया। साथ ही पूजा पंडालों और विसर्जन के दौरान महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुविधा एवं सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया गया।
प्रशासन और पुलिस ने सभी पक्षों से दशहरा के दौरान शांति, सौहार्द और आपसी सहयोग बनाए रखने की अपील की।






