जवाहरलाल नेहरू जैविक उद्यान में वन्यजीव सप्ताह के तहत आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मिला सम्मान, बीएसएल निदेशक प्रभारी ने जैव विविधता संरक्षण पर दिया जोर।
बोकारो | सिटी हलचल न्यूज
बोकारो स्टील प्लांट (BSL) के जवाहरलाल नेहरू जैविक उद्यान में वन्यजीव सप्ताह-2026 के तहत आयोजित सप्ताहव्यापी कार्यक्रम ‘आरण्यक-2026’ का समापन विशेष समारोह के साथ हुआ। इस अवसर पर वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता और पर्यावरण संतुलन का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
समापन समारोह में बीएसएल के निदेशक प्रभारी, अधिशासी निदेशक, झारखंड वन विभाग के बोकारो प्रमंडलीय वन पदाधिकारी (डीएफओ), मुख्य महाप्रबंधक, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक, विद्यार्थी और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

वन्यजीवों के प्राकृतिक आवासों का संरक्षण भी जरूरी
समारोह को संबोधित करते हुए बीएसएल के निदेशक प्रभारी ने कहा कि पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने के लिए वन्यजीवों और जैव विविधता का संरक्षण आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि केवल वन्यजीवों की सुरक्षा ही नहीं, बल्कि उनके प्राकृतिक आवासों को संरक्षित रखना भी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों और नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
भाषण प्रतियोगिता में ज्ञानश्री ने हासिल किया पहला स्थान
वन्यजीव सप्ताह के दौरान आयोजित भाषण प्रतियोगिता में चिन्मय विद्यालय की ज्ञानश्री ने प्रथम, कैराली स्प्रिंगडेल की समायरा नाज़नीन ने द्वितीय और श्री अयप्पा पब्लिक स्कूल की श्रेया मिश्रा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
चित्रकला एवं पोस्टर प्रतियोगिता में डीएवी इस्पात पब्लिक स्कूल, सेक्टर-9/बी की गुनगुन कुमारी प्रथम रहीं। डीएवी इस्पात पब्लिक स्कूल, सेक्टर-9/ई की अग्रिमा कुमारी को दूसरा और चिन्मय विद्यालय की अग्रिमा सामंत को तीसरा स्थान मिला।

मॉडल निर्माण में DAV सेक्टर-8/B बना विजेता
अंतर-विद्यालय मॉडल निर्माण प्रतियोगिता में डीएवी इस्पात पब्लिक स्कूल, सेक्टर-8/बी ने प्रथम और चिन्मय विद्यालय ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
उत्कृष्ट प्रतिभा एवं योगदान के लिए सुमन वर्मा को विशेष पुरस्कार प्रदान किया गया।
क्विज और जागरूकता सत्रों से विद्यार्थियों को मिली जानकारी
सप्ताहभर चले आयोजन में विद्यार्थियों और आम नागरिकों के लिए विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
झारखंड वन विभाग के सहयोग से गुरुकुल पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों के लिए विशेष सत्र आयोजित हुए। वहीं, पशुपालकों, जैविक उद्यान के कर्मचारियों और आगंतुकों को विशेषज्ञों ने वन्यजीव कल्याण एवं प्रबंधन की जानकारी दी।
‘क्विज ऑन द मूव’ गतिविधि के माध्यम से प्रतिभागियों को वन्यजीवों के व्यवहार, जीवविज्ञान और संरक्षण से जुड़े पहलुओं को समझने का अवसर मिला।
‘आरण्यक-2026’ के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनने और पर्यावरण संरक्षण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।






