City Hulchul News
हर जरूरी खबर की जानकारी सबसे पहले पाएं
🔔
News Notifications नई खबर की सूचना सीधे पाएं
WhatsApp Channel सीधे मोबाइल पर खबरें पाएं
YouTube News Videos & Live Updates
f
Facebook Latest News & Updates
झारखंडबोकारो

बोकारो BSL हॉट स्ट्रिप मिल में कर्मचारियों के लंबित मुद्दों पर बैठक, जल्द समाधान का आश्वासन | City Hulchul

बोकारो BSL के हॉट स्ट्रिप मिल विभाग में यूनियन और दोनों CGM के बीच बैठक। इंसेंटिव, क्रेन सुरक्षा, कैंटीन, रेस्ट रूम, जलजमाव और शौचालय समेत कई मुद्दे उठे।

दो CGM के साथ यूनियन की बैठक, इंसेंटिव से लेकर क्रेन और शौचालय तक कई समस्याएं उठीं

बोकारो | 3 सितंबर 2026

बोकारो स्टील प्लांट के हॉट स्ट्रिप मिल (HSM) विभाग में कर्मचारियों की लंबित समस्याओं को लेकर BSL अनाधिशासी कर्मचारी संघ और विभागीय प्रबंधन के बीच बैठक आयोजित की गई। बैठक में हॉट स्ट्रिप मिल के दोनों CGM के समक्ष कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से रखा गया। प्रबंधन की ओर से अधिकतर स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए आने वाले कुछ महीनों में रोडमैप तैयार कर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।

कर्मचारियों की समस्याओं पर प्रबंधन ने दिया रोडमैप

बैठक में पूर्व की विभागीय बैठकों के दौरान कर्मचारियों द्वारा उठाए गए मुद्दों को दोबारा प्रबंधन के सामने रखा गया। बताया गया कि विभाग के स्तर पर हल होने वाले अधिकांश मामलों के समाधान की दिशा में कार्य किया जाएगा, जबकि विभाग से बाहर के मुद्दों को संबंधित विभागों और उच्च प्रबंधन के संज्ञान में लाकर समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।

इंसेंटिव रिवार्ड फॉर्मूला बदलने की मांग

यूनियन ने हॉट स्ट्रिप मिल के उत्पादन में लगातार वृद्धि के बावजूद वर्ष 2007 के फॉर्मूले के आधार पर इंसेंटिव रिवार्ड राशि के भुगतान का मुद्दा उठाया। कर्मचारियों की मांग है कि वर्तमान उत्पादन और परिस्थितियों के अनुरूप इंसेंटिव रिवार्ड फॉर्मूले में संशोधन किया जाए।

क्रेन केबिन और सुरक्षा से जुड़े मुद्दे भी उठे

बैठक में क्रेन ऑपरेटरों की कार्य परिस्थितियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे रखे गए। क्रेन केबिन में बैठने के लिए कुर्सी, पारदर्शी शीशा, पर्याप्त प्रकाश और एसी की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की गई। क्रेन के अनुरक्षण की नियमित व्यवस्था तथा ऊंचाई पर चुनौतीपूर्ण कार्य के दौरान कर्मचारियों के लिए रिलीवर की व्यवस्था का मुद्दा भी उठाया गया।

क्वायलर और पुलपीट केबिन की स्थिति सुधारने की मांग

क्वायलर केबिन की नियमित साफ-सफाई, क्षतिग्रस्त कुर्सी, गंदे शीशे और मॉनिटर स्क्रीन की स्थिति सुधारने की मांग की गई। वहीं पुलपीट केबिन के क्षतिग्रस्त फर्श और शीशों की नियमित सफाई का मुद्दा भी प्रबंधन के समक्ष रखा गया।

इसके अलावा पोस्ट नंबर-10 में फ्लाइंग शीयर का ऑटो कट काम नहीं करने से हर बार क्वायल को मैनुअली काटने की समस्या बताई गई।

कैंटीन, रेस्ट रूम और शौचालय की सुविधाओं पर जोर

रात्रि पाली में कैंटीन खुली रखने तथा सेल कॉर्पोरेट कार्यालय की तर्ज पर कैंटीन संचालन की मांग की गई। क्वायलर के पास रेस्ट रूम की सुविधा, मिल डाउन के दौरान एसी बंद होने से कर्मचारियों को होने वाली परेशानी, मोटर-1 में खराब वाटर कूलर और रफिंग एरिया में जलजमाव का मुद्दा भी बैठक में उठाया गया।

यूनियन ने HSM में कर्मचारियों की संख्या के अनुरूप पर्याप्त शौचालय उपलब्ध कराने, साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर करने और खराब दरवाजों की मरम्मत कराने की भी मांग रखी।

यूनियन प्रतिनिधियों ने जताई समाधान की उम्मीद

बैठक में यूनियन की ओर से महासचिव हरिओम, कोषाध्यक्ष राहुल कुमार साव, विभागीय प्रतिनिधि शत्रुंजय कुमार समेत बड़ी संख्या में कर्मचारी शामिल हुए।

विभागीय प्रतिनिधि शत्रुंजय सिंह ने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं के निवारण की प्रारंभिक जिम्मेदारी विभागीय प्रबंधन की होती है। इसी भावना से हॉट स्ट्रिप मिल के दोनों CGM को कर्मचारियों के मुद्दों से अवगत कराया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि बैठक में जिन समस्याओं के समाधान पर सहमति बनी है, उन्हें जल्द धरातल पर उतारा जाएगा।

City Hulchul Official

City Hulchul News की टीम बोकारो, झारखंड और देश-दुनिया से जुड़ी महत्वपूर्ण खबरों को निष्पक्ष और विश्वसनीय तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए लगातार काम करती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!