बोकारो की 249 पंचायतों में विशेष ग्राम सभा, गांधी जयंती पर हुआ ‘रिफार्म उत्सव’
गांधी जयंती पर बोकारो की सभी 249 पंचायतों में विशेष ग्राम सभा सह रिफार्म उत्सव आयोजित हुआ। पिंड्राजोरा में उपायुक्त, एसपी और डीडीसी ने ग्रामीणों से संवाद कर विकास, सुरक्षा, नशामुक्ति, जल संरक्षण और महिला स्वास्थ्य पर चर्चा की।
पिंड्राजोरा में उपायुक्त, एसपी और डीडीसी ने लिया हिस्सा, नशामुक्ति से लेकर जल संरक्षण तक पर हुआ मंथन
बोकारो | 2 अक्टूबर 2026
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को बोकारो जिले की 249 पंचायतों में विशेष ग्राम सभा सह रिफार्म उत्सव का आयोजन किया गया। इसी क्रम में उपायुक्त अजय नाथ झा, पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा और उप विकास आयुक्त श्रीमती शताब्दी मजूमदार ने पिंड्राजोरा पंचायत सचिवालय में आयोजित विशेष ग्राम सभा में हिस्सा लिया।
ग्राम सभा में पंचायत के विकास के साथ सुरक्षा, नशामुक्ति, जल संरक्षण, महिला स्वास्थ्य और सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन जैसे मुद्दों पर ग्रामीणों से संवाद किया गया।

सामूहिक संकल्प से बनेगी आत्मनिर्भर पंचायत
उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि ग्राम सभा ग्रामीणों को अपने गांव और पंचायत के विकास के लिए सामूहिक संकल्प लेने का महत्वपूर्ण मंच देती है। पिंड्राजोरा को खुशहाल, सुरक्षित और आत्मनिर्भर पंचायत बनाने के लिए ग्रामीणों की जरूरत के अनुसार विकास योजनाएं तैयार की जाएंगी।
उन्होंने महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देने के साथ सिंचाई, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की बात कही। साथ ही पंचायत को बाल विवाह मुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयास का आह्वान किया।
नशामुक्ति में ग्रामीणों की भूमिका अहम
एसपी नाथू सिंह मीणा ने कहा कि विकास के साथ सुरक्षा भी जरूरी है। उन्होंने नशापान को परिवार और समाज के लिए गंभीर चुनौती बताते हुए ग्रामीणों से गांव को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि नशे के कारण घरेलू हिंसा, विवाद, अपराध और सड़क दुर्घटनाओं जैसी घटनाएं सामने आती हैं। बच्चों को नशे से दूर रखने के लिए अभिभावकों से भी विशेष ध्यान देने की अपील की गई।

जल संरक्षण और महिला स्वास्थ्य पर जोर
डीडीसी शताब्दी मजूमदार ने कहा कि ग्राम सभा के माध्यम से ग्रामीणों की जरूरत के अनुसार विकास योजनाओं का चयन किया जाना है। उन्होंने जल स्रोतों के संरक्षण, भूजल रिचार्ज और वर्षा जल संचयन पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने हर खेत का पानी खेत में और हर घर का पानी घर में रखने की दिशा में सामूहिक प्रयास की जरूरत बताई। पंचायत भवन सहित अन्य भवनों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया।
डीडीसी ने महिलाओं के स्वास्थ्य और जीवन को बेहतर बनाने वाली योजनाओं को प्राथमिकता देने तथा ग्राम सभा में चयनित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने की अपील की।

गांधी और शास्त्री जी को किया नमन
कार्यक्रम से पहले उपायुक्त, एसपी, डीडीसी समेत अधिकारियों और ग्रामीणों ने महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
मौके पर पंचायत के मुखिया, पंचायत सेवक, पंचायत समिति सदस्य, संबंधित पदाधिकारी-कर्मी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।



