टांडमोहनपुर में पेयजल आपूर्ति की समीक्षा, नियमित और गुणवत्तापूर्ण पानी उपलब्ध कराने का निर्देश
बोकारो | 1 अक्टूबर 2026
जरीडीह प्रखंड के टांडमोहनपुर में गुरुवार को उप विकास आयुक्त श्रीमती शताब्दी मजूमदार ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर पेयजल आपूर्ति की स्थिति जानी। उन्होंने टांडमोहनपुर ग्राम पंचायत के हरिजन टोला और तिवारी टोला का भ्रमण किया।
इस दौरान डीडीसी ने टांडमोहनपुर जलापूर्ति योजना के तहत एसवीएस ग्रुप (जीआर संख्या-11) द्वारा उपलब्ध कराई जा रही पेयजल सेवा की जानकारी ली।
ग्रामीणों से सीधे जानी पानी की स्थिति
जल संवाद के दौरान डीडीसी ने ग्रामीणों से हर घर नल से जल योजना के तहत मिले टैप वाटर कनेक्शन, पानी की उपलब्धता और जलापूर्ति की नियमितता के बारे में जानकारी ली। उन्होंने पेयजल की गुणवत्ता और जलापूर्ति से जुड़ी समस्याओं को लेकर भी ग्रामीणों से फीडबैक लिया।

गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने पर जोर
डीडीसी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता जनस्वास्थ्य से सीधे जुड़ी है। हर परिवार तक नियमित और गुणवत्तापूर्ण पानी पहुंचाना प्राथमिकता है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ग्रामीणों से मिले फीडबैक के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही, जलापूर्ति योजना में किसी तरह की समस्या आने पर उसका त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
पानी की गुणवत्ता की नियमित जांच के निर्देश
डीडीसी ने पेयजल की नियमित गुणवत्ता जांच और जलापूर्ति व्यवस्था की लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया। उन्होंने एसवीएस ग्रुप के सदस्यों और संबंधित कर्मियों को योजना के सुचारू संचालन के लिए अपनी जिम्मेदारियों का तत्परता से पालन करने को कहा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि हर घर तक नियमित और स्वच्छ जल पहुंचाने के लिए जमीनी स्तर पर लगातार निगरानी जरूरी है।
निरीक्षण एवं जल संवाद के दौरान कार्यपालक अभियंता पीएचईडी चास श्री अनुज कुमार, संबंधित सहायक अभियंता, कनीय अभियंता, जल सहिया सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।






