झारखंडबोकारो

बोकारो: ‘नशे को कभी स्वीकार नहीं करेंगे’ — डीसी अजय नाथ झा ने दिलाई शपथ, नशामुक्ति अभियान का समापन

दस दिवसीय जागरूकता अभियान संपन्न, अब जिले में चलेगा निरंतर नशामुक्ति जन-जागरूकता अभियान

बोकारो | 25 जून 2026

निषिद्ध मादक पदार्थों के दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी के विरुद्ध चलाए गए दस दिवसीय जागरूकता अभियान का गुरुवार को जागरूकता रैली के साथ समापन हुआ। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित यह रैली गरगा पुल स्थित अमृत पार्क से शुरू होकर धर्मशाला मोड़, चास तक पहुंची। रैली के दौरान नशामुक्ति के समर्थन में लोगों को जागरूक किया गया तथा युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया।

समापन समारोह को संबोधित करते हुए उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि दस दिवसीय अभियान का औपचारिक समापन अवश्य हो रहा है, लेकिन इसके साथ ही जिले में एक सतत और अनवरत नशामुक्ति जन-जागरूकता अभियान की शुरुआत की जा रही है। उन्होंने उपस्थित लोगों से जीवन में कभी भी नशे को स्वीकार नहीं करने का संकल्प लेने की अपील की।

नशे की शुरुआत छोटी गलती से, लेकिन नुकसान पूरी जिंदगी का

उपायुक्त ने कहा कि नशे की शुरुआत अक्सर जिज्ञासा या छोटी-सी गलती से होती है, लेकिन इससे बाहर निकलने में पूरा जीवन लग सकता है। उन्होंने युवाओं को अपने लक्ष्य पर केंद्रित रहने और किसी भी प्रकार के प्रलोभन से दूर रहने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने कहा कि अभियान से जुड़े सभी लोग नशामुक्ति के ब्रांड एंबेसडर हैं और जहां भी जाएं, समाज को नशे से दूर रहने का संदेश दें।

गुरुजी शिबू सोरेन के संदेश को बताया प्रेरणास्रोत

उपायुक्त ने पद्म सम्मान से सम्मानित स्वर्गीय शिबू सोरेन के नशामुक्ति और शिक्षा के प्रति योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन समाज को जागरूक करने और शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए समर्पित रहा। उनके विचार आज भी लोगों को प्रेरित करते हैं।

नशा व्यक्ति ही नहीं, पूरे परिवार को प्रभावित करता है : एसपी

पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना ने कहा कि कई बार गलत संगति या बहकावे में आकर युवा नशे की गिरफ्त में आ जाते हैं। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना प्रशासन को देने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति नहीं बल्कि पूरे परिवार को प्रभावित करता है।

युवाओं को नशे से बचाना राष्ट्रीय जिम्मेदारी

उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार ने कहा कि 15 से 30 वर्ष की आयु वर्ग देश की सबसे बड़ी ताकत है। यदि यही युवा नशे की चपेट में आ जाएं तो यह समाज और राष्ट्र दोनों के लिए चिंता का विषय होगा। उन्होंने सभी लोगों से नशामुक्ति का संदेश घर-घर तक पहुंचाने का आग्रह किया।

कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने नशामुक्ति की शपथ दिलाई और हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ किया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से भी “नशे को ना, जिंदगी को हां” का प्रभावशाली संदेश दिया गया। कार्यक्रम में जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, समाज कल्याण विभाग, आंगनबाड़ी सेविकाओं, विद्यार्थियों, एनसीसी कैडेट्स और बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने भाग लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!