बोकारो पहुंचने पर भाजपा ने किया स्वागत, नेता प्रतिपक्ष ने कहा- MMDR कानून की वास्तविक स्थिति और प्रभाव के तथ्य जनता के सामने रखे जाएं
बोकारो | 20 सितंबर 2026
टाटा से गिरिडीह जाने के क्रम में झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी का बोकारो आगमन हुआ। बोकारो स्थित आवास पर भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र राज के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत और अभिनंदन किया। जिलाध्यक्ष ने शॉल और पुष्पगुच्छ देकर बाबूलाल मरांडी का स्वागत किया।
इस दौरान MMDR एक्ट को लेकर झारखंड की राजनीति में चल रही बहस पर बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि हेमंत सोरेन सरकार कानून के प्रावधानों को सही तरीके से जनता के सामने रखने के बजाय राजनीतिक भ्रम फैलाने का काम कर रही है।
MMDR एक्ट पर क्या बोले बाबूलाल मरांडी?
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि केंद्र के कानून को लेकर झारखंड की जनता को डराने और भ्रमित करने के बजाय राज्य सरकार को अपनी खनिज नीति, बंद पड़ी खदानों और खनन व्यवस्था की स्थिति पर भी जवाब देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कागज पर प्रचार और जमीन पर काम करने में अंतर होता है। उनके अनुसार सरकार को विज्ञापनों और राजनीतिक बयानबाजी के बजाय आंकड़ों और उपलब्धियों के साथ जनता के सामने आना चाहिए।
मरांडी ने यह भी कहा कि MMDR संशोधन को लेकर जनता को कानून की वास्तविक धाराओं, राज्य के राजस्व पर प्रभाव तथा खनन क्षेत्र में रोजगार और उद्योग पर संभावित असर की तथ्यात्मक जानकारी दी जानी चाहिए।
MMDR को लेकर केंद्र और झारखंड सरकार के अलग-अलग दावे
MMDR Amendment Act, 2026 को लेकर केंद्र सरकार का कहना है कि संशोधन से राज्यों के खनिज अधिकार या राज्यों द्वारा वसूले जाने वाले मौजूदा कर समाप्त नहीं होते और कुल खनन राजस्व का करीब 90 प्रतिशत राज्यों को मिलता रहेगा।
वहीं झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने संशोधन को लेकर केंद्र के समक्ष राजस्व, राज्यों की वित्तीय स्वायत्तता और संघीय ढांचे से जुड़े सवाल उठाए हैं। राज्य सरकार ने संभावित राजस्व प्रभाव को लेकर अपनी चिंता भी सार्वजनिक की है।
ऐसे में MMDR संशोधन को लेकर केंद्र और झारखंड सरकार के बीच राजनीतिक एवं नीतिगत मतभेद सामने आ रहे हैं।
भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की रही मौजूदगी
मुलाकात और प्रेस वार्ता के दौरान कृष्ण कुमार मुन्ना, जयदेव राय, लक्ष्मण नायक, अर्चना सिंह, कुमार अमित, संजय त्यागी, रामलाल सोरेन, मनोज ठाकुर, अंजला सिंह, विभीषण सिंह चौधरी, दिलीप श्रीवास्तव, मुकेश राय, विशाल गौतम, बैधनाथ प्रसाद, ब्रज दुबे, राजेश घोषाल, मनोज सिंह, विनय किशोर, महेंद्र राय, सोनम दुबे, शिव शंकर पांडे, नीरज कुमार, ए.के. वर्मा, निवारण महतो, प्रमोद महतो, दिनेश यादव, मनोज पांडेय, बुद्धेश्वर घोषाल, प्रकाश दास, सतेंद्र गुप्ता, संजीव झा, जितेंद्र गोस्वामी, ममता गोस्वामी, भानु प्रताप सिंह, अशोक दास, अनीता गुप्ता, बालेश्वर मुर्मू, सक्षम सिंह, प्रकाश कुमार, मंतोष यादव, प्रीति गुप्ता, रंजीत बरनवाल, सुनीता प्रसाद, मंजू सिंह, मीनाक्षी सिंह, अनिल कुमार सिंह, गौर रजवार और महाराज सिंह चौधरी सहित जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।






