पुलिस और दंडाधिकारी की मौजूदगी में कार्रवाई, BSL बोला- अतिक्रमण हटाने का अभियान आगे भी रहेगा जारी
बोकारो | 11 सितंबर 2026
बोकारो के सिटी सेंटर में अतिक्रमण के खिलाफ BSL ने विशेष अभियान चलाया। आम लोगों की सुविधा, सुरक्षा और व्यापक जनहित को ध्यान में रखते हुए बोकारो स्टील प्लांट की टीम ने पुलिस और दंडाधिकारी की मौजूदगी में कॉमन एरिया में किए गए अतिक्रमण को हटाया।
BSL प्रबंधन के अनुसार, सिटी सेंटर के कॉमन एरिया और बरामदे में किए गए अतिक्रमण के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही थी। सुरक्षा के लिहाज से भी इन स्थानों पर अतिक्रमण को उचित नहीं माना गया।
दो बार सार्वजनिक सूचना के बाद कार्रवाई
BSL ने बताया कि अभियान से पहले समाचार पत्रों के माध्यम से दो बार सार्वजनिक सूचना जारी की गई थी। इसमें सिटी सेंटर के उन प्लॉटधारियों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर स्वयं अतिक्रमण हटाने की अपील की गई थी, जिन्होंने बरामदा या कॉमन एरिया में किसी तरह का कब्जा कर रखा था।
प्रबंधन के मुताबिक, निर्धारित अवधि में अतिक्रमण नहीं हटाए जाने के बाद अब पुलिस और दंडाधिकारी की मौजूदगी में विशेष अभियान चलाया गया।
प्रशासन के निरीक्षण के बाद तेज हुई कार्रवाई
सिटी सेंटर का हाल में जिला प्रशासन की ओर से भी निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान कॉमन एरिया में किए गए अतिक्रमण को लेकर आवश्यक कार्रवाई की जरूरत सामने आई थी। इसके बाद BSL ने कार्रवाई को आगे बढ़ाया।
BSL ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और सिटी सेंटर के कॉमन एरिया में किए गए सभी प्रकार के अतिक्रमण को विधि-सम्मत प्रक्रिया के तहत हटाया जाएगा।
सड़क, ड्रेनेज और पार्किंग व्यवस्था भी होगी दुरुस्त
अतिक्रमण हटाने के साथ BSL ने सिटी सेंटर के समग्र विकास और सुविधाओं के उन्नयन की भी योजना बताई है। इसके तहत सड़क मरम्मत, ड्रेनेज सिस्टम में सुधार और पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने सहित अन्य आवश्यक कार्य किए जाएंगे।
BSL के अनुसार, इन कार्यों का उद्देश्य सिटी सेंटर आने वाले आम लोगों और व्यवसायियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
दुकानदारों से सहयोग की अपील
BSL प्रबंधन ने सिटी सेंटर के सभी प्लॉटधारियों और दुकानदारों से अपील की है कि वे सुरक्षा, सुगम आवागमन और व्यापक जनहित को ध्यान में रखते हुए कॉमन एरिया को अतिक्रमणमुक्त बनाए रखने में सहयोग करें।
सिटी सेंटर में अतिक्रमण को लेकर व्यापारियों की ओर से भी हाल में सवाल उठाए गए थे। व्यापारियों ने पार्किंग, जलजमाव और सीवेज जैसी समस्याओं का मुद्दा उठाते हुए समान रूप से कार्रवाई की मांग की थी।






