बोकारो | 1 अक्टूबर 2026
सड़क दुर्घटना के बाद घायलों की जान बचाने के लिए समय पर मिलने वाली प्राथमिक चिकित्सा बेहद अहम होती है। इसी उद्देश्य से बोकारो में 59 पुलिसकर्मियों को फर्स्ट एड और आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया गया। चास स्थित फर्स्ट एड सह आपदा प्रशिक्षण अकादमी में आयोजित इस प्रशिक्षण में पुलिसकर्मियों को दुर्घटना के दौरान त्वरित कार्रवाई और प्राथमिक उपचार की जानकारी दी गई।
गोल्डन ऑवर में मदद पर जोर
उपायुक्त अजय नाथ झा के निर्देश पर आयोजित प्रशिक्षण में यातायात पुलिस उपाधीक्षक अजय कुमार ने कहा कि सड़क दुर्घटना के बाद समय पर प्राथमिक उपचार मिलने से कई लोगों की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने विशेष रूप से अत्यधिक रक्तस्राव को नियंत्रित करने पर जोर दिया।

CPR और रक्तस्राव रोकने की ट्रेनिंग
प्रशिक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों को सीपीआर, रक्तस्राव नियंत्रण, फ्रैक्चर में प्राथमिक उपचार और घायल को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाने की विधि समझाई गई। पुलिसकर्मियों को दुर्घटना की सूचना मिलते ही तेजी से कार्रवाई करने के लिए भी प्रशिक्षित किया गया।
पेट्रोलिंग टीम की भूमिका समझाई
सिविल डिफेंस के वार्डन डॉ. एस.पी. शर्मा और जय प्रकाश सिंह ने पुलिस पेट्रोलिंग टीम की भूमिका, त्वरित कार्रवाई की कार्ययोजना और दुर्घटना में घायलों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने के तरीके बताए।
इस प्रशिक्षण में कुल 59 पुलिसकर्मियों ने हिस्सा लिया। इसका उद्देश्य दुर्घटना के दौरान पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता बढ़ाना और प्राथमिक उपचार के जरिए घायलों की जान बचाने में मदद करना है।



