क्राइमझारखंडबोकारो

चिरा चास पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अपहृत नाबालिग बरामद, आरोपी गिरफ्तार

सोशल मीडिया के जरिए हुई दोस्ती, बहला-फुसलाकर ले गया आरोपी; धनबाद रेलवे स्टेशन से गिरफ्तारी

चिरा चास थाना पुलिस को अपहरण के एक मामले में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया है और मामले के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

यह मामला चिरा चास थाना कांड संख्या 26/25 के तहत दर्ज किया गया था। जानकारी के अनुसार, 9 फरवरी 2025 को थाना क्षेत्र के नंदुआ स्थान निवासी सुशीला देवी ने अपनी नाबालिग भतीजी के अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और विभिन्न स्रोतों से जानकारी जुटाई। इसके आधार पर 2 मई को पुलिस ने नाबालिग को विधिवत और सुरक्षित रूप से बरामद कर लिया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी संतोष कुमार गोस्वामी उर्फ लादेन (उम्र लगभग 29 वर्ष) को धनबाद रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया। आरोपी चास थाना क्षेत्र के जोधाडीह मोड़ इलाके का निवासी बताया जा रहा है।

चास के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभ में मामला अपहरण का दर्ज किया गया था, लेकिन जांच के दौरान डिजिटल साक्ष्यों से यह सामने आया कि आरोपी और नाबालिग के बीच सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क स्थापित हुआ था। आरोपी ने इसी माध्यम से नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने की योजना बनाई।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!