City Hulchul News
हर जरूरी खबर की जानकारी सबसे पहले पाएं
🔔
News Notifications नई खबर की सूचना सीधे पाएं
✓
WhatsApp Channel सीधे मोबाइल पर खबरें पाएं
›
▶
YouTube News Videos & Live Updates
›
f
Facebook Latest News & Updates
›
झारखंडबोकारो

बच्चों के बीच पहुंचे उपायुक्त अजय नाथ झा, बोले- लक्ष्य तय करें और मेहनत से सपनों को करें साकार

बच्चों के बीच पहुंचे DC अजय नाथ झा ❤️ बोले- लक्ष्य तय करें, मेहनत से सपने करें साकार

चंदनकियारी भ्रमण के दौरान विद्यालय, आंगनबाड़ी, पंचायत सचिवालय और आम बागवानी का निरीक्षण, बच्चों की पढ़ाई से लेकर विकास योजनाओं तक लिया जायजा

चंदनकियारी/बोकारो | 16 सितंबर 2026

बच्चों की आंखों में भविष्य के सपनों को जानने और उनमें आत्मविश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से बोकारो उपायुक्त अजय नाथ झा बुधवार को चंदनकियारी प्रखंड के क्षेत्र भ्रमण पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने राजकीय मध्य विद्यालय भोजुडीह में बच्चों से सहज संवाद किया और उनकी पढ़ाई, रुचि तथा भविष्य के सपनों के बारे में जानकारी ली।

उपायुक्त ने बच्चों की कॉपियां देखीं और उनकी पढ़ाई की स्थिति जानी। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि सपने देखने और उन्हें लक्ष्य में बदलने की उम्र यही है। लक्ष्य तय करें और उसे हासिल करने के लिए पूरी लगन से मेहनत करें।

बच्चों की प्रतिभा देख उपायुक्त ने बढ़ाया उत्साह

विद्यालय में उपायुक्त ने कक्षा एक, दो, तीन और आठ के विद्यार्थियों से बातचीत की। कक्षा तीन की छात्रा रूपा कुमारी की सुंदर हस्तलिपि देखकर उन्होंने उसकी सराहना की।

वहीं कक्षा दो के छात्र मेहराब हुसैन आलम ने झारखंड के सभी 24 जिलों के नाम सुनाए। उसकी जानकारी और आत्मविश्वास से प्रभावित होकर उपायुक्त ने उसका उत्साहवर्धन किया।

कक्षा आठ के विद्यार्थियों से उन्होंने पूछा कि वे बड़े होकर क्या बनना चाहते हैं। एक छात्र ने सेना में जाने की इच्छा जताई, जबकि कुछ बच्चों ने अभी अपना लक्ष्य तय नहीं होने की बात कही।

उपायुक्त ने बच्चों से कहा कि वे अभी से अपनी रुचि पहचानें और भविष्य के लक्ष्य के लिए मेहनत शुरू करें। उन्होंने कहा कि कक्षा आठ, नौ और दस महत्वपूर्ण कक्षाएं हैं और इन वर्षों में की गई मेहनत भविष्य की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

उन्होंने बच्चों को पढ़ाई के साथ देश के इतिहास, संस्कृति, अर्थव्यवस्था और समाज के बारे में भी जानकारी हासिल करने के लिए प्रेरित किया।

हर बच्चे की शिक्षा जारी रहे, कोई सपना अधूरा न रहे

विद्यालय का निरीक्षण करते हुए उपायुक्त ने बताया कि यहां करीब 450-500 बच्चे अध्ययनरत हैं, जबकि उपलब्ध स्थान सीमित है। डीएमएफटी मद से अतिरिक्त कक्षा-कक्ष का निर्माण कराया जा रहा है।

बच्चों की संख्या को देखते हुए भविष्य में अतिरिक्त स्थान की जरूरत को ध्यान में रखते हुए उन्होंने आसपास उपलब्ध सरकारी भूमि की संभावनाओं की जांच कराने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने कहा कि आंगनबाड़ी से प्राथमिक विद्यालय, प्राथमिक से मध्य विद्यालय और मध्य विद्यालय से उच्च विद्यालय तक बच्चों की शिक्षा की यात्रा निर्बाध रहनी चाहिए। कोई बच्चा बीच में पढ़ाई न छोड़े, यह सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी को जिले में बच्चों के नामांकन और उनकी पढ़ाई की निरंतरता सुनिश्चित करने को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।

स्मार्ट क्लास और स्कूल की सुविधाओं का भी लिया जायजा

उपायुक्त ने विद्यालय में मध्याह्न भोजन, स्वच्छता व्यवस्था और स्मार्ट क्लास निर्माण का निरीक्षण किया। उन्होंने शिक्षकों को आवश्यक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने तथा स्मार्ट क्लास का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को भी आधुनिक तकनीक आधारित शिक्षा का लाभ मिलना चाहिए।

आंगनबाड़ी केंद्र में पोषण और मातृत्व का संदेश

इसके बाद उपायुक्त ने नंदघर भोजुडीह, ऊपरकुल्ही स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों की उपस्थिति, केंद्र की व्यवस्था और पोषण संबंधी गतिविधियों की जानकारी ली।

पोषण माह के तहत आयोजित गोद भराई कार्यक्रम में शामिल होकर उन्होंने श्रीमती पायल रजवार को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पौष्टिक एवं संतुलित आहार लेने तथा स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने के लिए प्रेरित किया।

केंद्र में पेयजल की समस्या को देखते हुए उपायुक्त ने पास स्थित चापाकल को नल-जल व्यवस्था से जोड़ने का निर्देश दिया। उन्होंने बीडीओ को यह कार्य अगले 15 दिनों में पूरा कराने को कहा।

पंचायत सचिवालय में सरकारी सेवाओं की ली जानकारी

पंचायत सचिवालय भोजुडीह पूर्वी के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने आमजनों को उपलब्ध कराई जा रही आधार, बैंकिंग, जाति एवं आवासीय प्रमाण-पत्र समेत अन्य सेवाओं की जानकारी ली।

उन्होंने पंचायत सेवक और मुखिया को आम लोगों को सरकारी सेवाएं सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

पंचायत भवन परिसर को साफ-सुथरा और आकर्षक बनाने पर जोर देते हुए उन्होंने पौधारोपण एवं सौंदर्यीकरण कराने को कहा। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों में भी झारखंड की प्राकृतिक सुंदरता और अपनी मिट्टी की पहचान दिखाई देनी चाहिए।

महिला मुखिया से संवाद करते हुए उपायुक्त ने उन्हें पंचायत के विकास कार्यों में स्वयं आगे बढ़कर नेतृत्व करने, योजनाओं को समझने और जिम्मेदारी के साथ काम करने के लिए प्रेरित किया।

दो एकड़ में आम बागवानी का निरीक्षण

क्षेत्र भ्रमण के दौरान उपायुक्त ने मनरेगा अंतर्गत दो एकड़ क्षेत्र में की गई आम बागवानी का भी निरीक्षण किया। उन्होंने धनेश्वर कुमार महतो और शीतला देवी की बागवानी में पौधों की स्थिति का जायजा लिया।

उन्होंने घास की सफाई और पौधों के नियमित रखरखाव का निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि सरकारी योजनाओं से बनाई गई परिसंपत्तियां केवल निर्माण तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उनसे परिवारों की आजीविका मजबूत हो और ग्रामीणों के जीवन में स्थायी बदलाव आए, यह सुनिश्चित करना जरूरी है।

ये अधिकारी रहे मौजूद

क्षेत्र भ्रमण के दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रवीण रंजन, बीडीओ चंदनकियारी अजय वर्मा, सीओ चंदनकियारी रवि आनंद, एपीआरओ अविनाश कुमार, एसएओ पंकज दुबे समेत अन्य कर्मी उपस्थित रहे।


City Hulchul Official

City Hulchul News की टीम बोकारो, झारखंड और देश-दुनिया से जुड़ी महत्वपूर्ण खबरों को निष्पक्ष और विश्वसनीय तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए लगातार काम करती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!