उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा- हर घर में आय का वैकल्पिक स्रोत विकसित करने की दिशा में हो ठोस काम
बोकारो | 21 सितंबर 2026
बोकारो में एक जिला एक उत्पाद (ODOP) के तहत आम आधारित उत्पादों को बढ़ावा देने की तैयारी तेज की जा रही है। उपायुक्त अजय नाथ झा ने आम को केवल फल के रूप में नहीं, बल्कि प्रसंस्करण और मूल्यवर्धित उत्पादों के जरिए ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने के अवसर के रूप में विकसित करने पर जोर दिया।
समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित बैठक में उत्पाद चयन, कैटलॉग, नमूना और अन्य जरूरी सूचनाओं को लेकर संबंधित पदाधिकारियों के साथ चर्चा हुई।
आम आधारित उत्पादों पर विशेष फोकस
उपायुक्त ने आम आधारित उत्पादों की संभावनाओं पर विशेष रूप से काम करने का निर्देश दिया। इसके लिए कार्यशाला आयोजित कर उत्पादकों और संबंधित समूहों को प्रशिक्षण देने को कहा गया।
उन्होंने कहा कि आम के प्रसंस्करण और मूल्यवर्धित उत्पाद तैयार करने से ग्रामीण परिवारों के लिए अतिरिक्त आय के अवसर विकसित किए जा सकते हैं।
हर घर में आय का वैकल्पिक स्रोत विकसित करने पर जोर
उपायुक्त ने कहा कि हर घर में आय का एक वैकल्पिक स्रोत होना चाहिए। इसके लिए स्थानीय संसाधनों, कौशल और उपलब्ध अवसरों के आधार पर ऑन-फार्म और ऑफ-फार्म गतिविधियों को बढ़ावा देने की जरूरत है।
इससे ग्रामीण परिवारों को अतिरिक्त आय का स्थायी माध्यम उपलब्ध कराने में मदद मिलने की बात कही गई।
स्थानीय उत्पादों से जुड़ेंगी स्वयं सहायता समूह की महिलाएं
बैठक में स्थानीय सांस्कृतिक पहचान से जुड़े उत्पादों को आजीविका गतिविधियों से जोड़ने पर भी जोर दिया गया। ऐसे उत्पादों के उत्पादन, प्रसंस्करण, पैकेजिंग और विपणन से जेएसएलपीएस की दीदियों एवं स्वयं सहायता समूहों को जोड़ने का निर्देश दिया गया।
स्थानीय उत्पादों को नई पहचान और बाजार उपलब्ध कराने के साथ ग्रामीण महिलाओं की आय बढ़ाने के लिए ठोस पहल करने को कहा गया।
कैटलॉग, पैकेजिंग और ब्रांडिंग पर भी काम
उपायुक्त ने उत्पादों का कैटलॉग और नमूना तैयार करने के साथ गुणवत्ता, पैकेजिंग, ब्रांडिंग और बाजार उपलब्ध कराने के लिए समेकित कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया।
इसके अलावा स्थानीय बाजार से उत्पादों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर के बाजार तक पहुंचाने की संभावनाओं का अध्ययन करने को भी कहा गया।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में उप विकास सहायक शताब्दी मजूमदार, जिला खेल पदाधिकारी हेमलता बून, जिला कल्याण पदाधिकारी सुचिता किरण, जेएसएलपीएस के डीपीएम अनिल दामदाम, एपीआरओ अविनाश कुमार समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।






