सुदिव्य कुमार सोनू के निधन से झारखंड में शोक की लहर, हरसिंहरायडीह स्थित आवास पर पहुंचकर नेताओं ने दी अंतिम श्रद्धांजलि
गिरिडीह | 6 सितंबर 2026
झारखंड के दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन से पूरे राज्य में शोक की लहर है। रविवार को मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन गिरिडीह के हरसिंहरायडीह स्थित उनके आवास पहुंचे और पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने सुदिव्य कुमार सोनू के निधन को झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने कहा कि राज्य ने एक कर्मठ जनप्रतिनिधि, समर्पित मंत्री और युवा नेतृत्व को खो दिया है। उन्होंने कहा कि दिवंगत सुदिव्य कुमार की सेवाओं और राज्य व समाज के लिए किए गए योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य, शक्ति और संबल प्रदान करने की कामना की।
कल्पना सोरेन ने भी दी श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री के साथ विधायक कल्पना सोरेन भी मौजूद रहीं। उन्होंने दिवंगत मंत्री के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया।
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने जताया शोक
रविवार दोपहर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार भी सुदिव्य कुमार सोनू के आवास पहुंचे। उन्होंने पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर नमन किया और शोक व्यक्त किया।
राज्यपाल ने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना भी की।
मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी भी पहुंचे
दिवंगत मंत्री को अंतिम श्रद्धांजलि देने के लिए मंत्री राधाकृष्ण किशोर, मंत्री योगेंद्र महतो, झारखंड सरकार की अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल और पर्यटन सचिव नमन प्रियेश लकड़ा भी आवास पहुंचे।
सभी ने पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
दो दिन का राजकीय शोक घोषित
सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर झारखंड सरकार ने दो दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। राजकीय शोक के तहत सोमवार को सरकारी विभाग बंद रहेंगे।
इस दौरान सरकारी भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा और किसी भी तरह के राजकीय समारोह आयोजित नहीं किए जाएंगे।






