गंवई बराज से पेयजल आपूर्ति की योजना तैयार करने का निर्देश, जर्जर विद्यालय भवन की मरम्मत के लिए भी होगी कार्रवाई।
बोकारो | 18 सितंबर 2026
बोकारो के कुमारदागा पंचायत अंतर्गत रानीचिड़का गांव में पेयजल की समस्या की जानकारी मिलने के बाद उपायुक्त अजय नाथ झा शुक्रवार को गांव पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर पेयजल की स्थिति जानी और समस्या के स्थायी समाधान के लिए गंवई बराज से पेयजल आपूर्ति की योजना पर पहल करने का निर्देश दिया।
रानीचिड़का में पेयजल समस्या सुनने पहुंचे उपायुक्त
सोशल मीडिया के माध्यम से रानीचिड़का गांव में पेयजल समस्या की जानकारी मिलने पर उपायुक्त अजय नाथ झा ने गांव पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और गांव में पेयजल की उपलब्धता एवं गुणवत्ता की जानकारी ली।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में चापाकल से मिलने वाले पानी की गुणवत्ता ठीक नहीं है। इसके कारण लोगों को स्वच्छ पेयजल के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
गंवई बराज से पेयजल आपूर्ति की योजना
ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को गंवई बराज से रानीचिड़का गांव तक पेयजल आपूर्ति की योजना का प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। यदि जल जीवन मिशन के माध्यम से योजना का क्रियान्वयन संभव नहीं होता है, तो DMFT मद से योजना की स्वीकृति की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
जर्जर स्कूल भवन की भी होगी जांच
ग्रामीणों ने गांव के विद्यालय के जर्जर भवन की समस्या भी उपायुक्त के सामने रखी। इस पर उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला शिक्षा अधीक्षक को विद्यालय का निरीक्षण कर वस्तुस्थिति की रिपोर्ट देने का निर्देश दिया। रिपोर्ट मिलने के बाद भवन की मरम्मत के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
पंचायत सचिवालय का भी किया निरीक्षण
दौरे के दौरान उपायुक्त ने कुमारदागा पंचायत सचिवालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां उपलब्ध सुविधाओं और संचालित कार्यों का जायजा लिया तथा पंचायत सचिव को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मौके पर प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, प्रखंड विकास पदाधिकारी, चास डॉ. प्रदीप कुमार, एपीआरओ अविनाश कुमार सहित अन्य कर्मी मौजूद रहे।






