झारखंडबोकारो

NEET UG 2026: बोकारो में परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण, कदाचारमुक्त परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट

डीडीसी शताब्दी मजूमदार ने केंद्रों पर सीसीटीवी, पेयजल व सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा; 3 मई को होगी परीक्षा

आगामी 3 मई को आयोजित होने वाली NEET UG परीक्षा 2026 को शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए बोकारो जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है।

इसी क्रम में शुक्रवार को उप विकास आयुक्त (डीडीसी) शताब्दी मजूमदार ने जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान डीडीसी ने केंद्राधीक्षकों से सीसीटीवी व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, बिजली और बैठने की व्यवस्था सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने सभी परीक्षा केंद्रों पर दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

डीडीसी ने कहा कि परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही अधिकारियों को सतर्क रहने और अभ्यर्थियों को सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

इस दौरान परीक्षा के वरीय नोडल पदाधिकारी सह जिला पंचायती राज पदाधिकारी (डीपीआरओ) मो. सफीक आलम, जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) जगरनाथ लोहरा समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

जिले में NEET UG 2026 के लिए कुल 8 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें प्रमुख रूप से केंद्रीय विद्यालय नंबर 1 सेक्टर-4, श्री महावीर जी प्लस टू हाई स्कूल बिजुलिया, सीएम एसओई चास, सर्वोदय प्लस टू विद्यालय पिंड्राजोरा, प्लस टू हाई स्कूल पेटरवार, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय नंबर 3, केंद्रीय विद्यालय सीटीपीएस चंद्रपुरा और अपग्रेडेड प्लस टू हाई स्कूल लकरखंदा शामिल हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!