झारखंडबोकारो

Bermo News | 15 दिनों से बिजली संकट से परेशान लोगों ने जारंगडीह खुली खदान का मुख्य द्वार किया जाम, CCL प्रबंधन के खिलाफ फूटा गुस्सा

ट्रांसफार्मर खराब होने से कॉलोनियों में बाधित बिजली आपूर्ति, पूर्व की तरह नियमित सप्लाई बहाल करने की मांग

जारंगडीह (बेरमो) | 18 जून 2026

सीसीएल कथारा क्षेत्र के जारंगडीह परियोजना अंतर्गत कॉलोनियों में पिछले लगभग 15 दिनों से जारी बिजली संकट को लेकर लोगों का आक्रोश बुधवार को खुलकर सामने आया। नियमित बिजली आपूर्ति नहीं होने से नाराज स्थानीय लोगों ने जारंगडीह खुली खदान के मुख्य द्वार को जाम कर दिया और सीसीएल प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि क्षेत्र में ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण बीते दो सप्ताह से बिजली आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित है। वर्तमान में कॉलोनियों में केवल ढाई-ढाई घंटे बांटकर बिजली दी जा रही है, जिससे लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। भीषण गर्मी के बीच बिजली संकट ने लोगों की परेशानियां और बढ़ा दी हैं।

CCL प्रबंधन पर वादाखिलाफी का आरोप

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या को लेकर इससे पहले भी दो बार महिलाओं ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया था। उस समय सीसीएल प्रबंधन ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई स्थायी व्यवस्था नहीं की गई। इससे लोगों में भारी नाराजगी है।

मुख्य द्वार जाम कर किया प्रदर्शन

आक्रोशित ग्रामीण और कॉलोनीवासी जारंगडीह खुली खदान के मुख्य प्रवेश द्वार पर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि सीसीएल कॉलोनियों में पूर्व की भांति नियमित और निर्बाध बिजली आपूर्ति तत्काल बहाल की जाए।

समस्या का समाधान नहीं हुआ तो बड़े आंदोलन की चेतावनी

प्रदर्शन के दौरान लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द बिजली व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में किसी भी तरह की स्थिति के लिए सीसीएल प्रबंधन जिम्मेदार होगा।

लगातार बढ़ते विरोध और जनाक्रोश के बीच अब सभी की नजर सीसीएल प्रबंधन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!