क्राइमझारखंडबोकारो

गोमिया में ट्रैक्टर से बैटरी चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार; पांच बैटरियां बरामद

गोमिया के जागेश्वर बिहार थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर बैटरी चोरी मामले में दो आरोपी गिरफ्तार हुए। पुलिस ने पांच बैटरियां, बाइक और मोबाइल बरामद किए।

ग्रामीणों ने बैटरी खोलते दो युवकों को पकड़ा, पुलिस ने न्यायिक हिरासत में भेजा; अन्य चोरी की घटनाओं से जुड़े तार तलाश रही पुलिस

गोमिया, बोकारो | 10 सितंबर 2026

गोमिया में बैटरी चोरी गिरोह पर पुलिस की कार्रवाई

बोकारो जिले के गोमिया क्षेत्र में ट्रैक्टरों से बैटरी चोरी की घटनाओं से परेशान ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है। जागेश्वर बिहार थाना क्षेत्र में ग्रामीणों की सक्रियता से बैटरी चोरी के संदेह में पकड़े गए दो युवकों को पुलिस ने विधिवत गिरफ्तार कर लिया। मेडिकल जांच के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में तेनुघाट जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर ट्रैक्टरों से चोरी की गई पांच बैटरियां बरामद की हैं।

पुलिस के अनुसार, 8-9 सितंबर की रात तिलैया पंचायत के तिलैया और डाकासाड़म गांव में अज्ञात चोरों ने पांच ट्रैक्टरों को निशाना बनाकर उनकी बैटरियां चोरी कर ली थीं।

ग्रामीणों ने रंगे हाथ पकड़े दो युवक

घटना के बाद ग्रामीणों ने रात में निगरानी बढ़ाई। इसी दौरान मंगलवार रात ट्रैक्टर से बैटरी खोल रहे दो युवकों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान दोनों युवकों द्वारा बार-बार अलग-अलग पता बताए जाने से ग्रामीणों का संदेह और बढ़ गया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

जागेश्वर बिहार थाना प्रभारी प्रकाश यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को थाने ले गई। बुधवार सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण थाना पहुंचे और आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सक्षम कुमार (20 वर्ष), निवासी गोला चौक, विष्णुगढ़ तथा अमन कुमार रजक (18 वर्ष), निवासी हुआग (बलसगरा), थाना मांडू के रूप में हुई है।

पांच बैटरियां, बाइक और मोबाइल बरामद

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की पांच बैटरियां बरामद की हैं। इसके अलावा पल्सर मोटरसाइकिल JH02-4062, दो स्मार्टफोन और हेक्सा ब्लेड सहित अन्य सामान भी जब्त किया गया है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों आरोपी क्षेत्र में हुई अन्य चोरी की घटनाओं में भी शामिल थे या नहीं और इनके साथ किसी अन्य व्यक्ति या गिरोह की भूमिका है या नहीं।

एक महीने से चोरी की घटनाओं से परेशान थे ग्रामीण

ग्रामीणों के अनुसार, पिछले करीब एक महीने से इलाके में चोरी की घटनाएं बढ़ गई थीं। रात में घरों के बाहर खड़े ट्रैक्टर और अन्य वाहनों से बैटरी चोरी किए जाने की शिकायतें सामने आ रही थीं। बंद मकानों को भी चोर निशाना बना रहे थे।

ग्रामीण गणेश प्रजापति और छोटू प्रजापति समेत अन्य लोगों ने बताया कि लगातार हो रही चोरी से ग्रामीणों में भय और नाराजगी थी। अब दो संदिग्धों की गिरफ्तारी और पांच बैटरियों की बरामदगी के बाद अन्य मामलों के खुलासे की उम्मीद है।

31 अगस्त की रात कई घरों में चोरी का आरोप

ग्रामीणों के मुताबिक, 31 अगस्त की रात तिलैया और डाकासाड़म इलाके में कई घरों के ताले तोड़कर चोरी की गई थी। कन्हैया प्रजापति के घर से महिला स्वयं सहायता समूह का करीब 87 हजार रुपये नकद चोरी होने की बात सामने आई थी।

इसी तरह यशोदा देवी के घर से चांदी की सिकड़ी और सोने की नाक की बाली चोरी होने की बात ग्रामीणों ने बताई। डाकासाड़म के तिलशंकर अगरिया और गौरी शंकर अगरिया तथा तिलैया के अशोक महतो और कामेश्वर महतो के घर और होटल में भी चोरी के प्रयास की जानकारी सामने आई थी।

बुधवार रात भी चोरी का असफल प्रयास

ग्रामीणों के अनुसार, बुधवार देर रात डाकासाड़म निवासी पूरण मांझी के घर में भी अज्ञात चोर घुस आए। घर में मौजूद उनकी मां के जाग जाने और शोर मचाने पर संदिग्ध मौके से भाग निकले।

पूरण मांझी के अनुसार, चोर दरवाजा खोलकर घर में दाखिल हुए थे। घटना की सूचना पुलिस को नहीं दिए जाने की बात भी उन्होंने कही।

अन्य चोरी की घटनाओं की जांच में जुटी पुलिस

थाना प्रभारी प्रकाश यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस अन्य चोरी की घटनाओं में उनकी संभावित संलिप्तता और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

छापामारी टीम में शामिल पुलिसकर्मी

छापामारी टीम में थाना प्रभारी प्रकाश यादव, पुलिस अवर निरीक्षक सुरेश पाहन, सहायक अवर निरीक्षक राकेश बंडो, सहायक अवर निरीक्षक परवेज अशरफ तथा जैप बल के आरक्षी 648 वशी अहमद खां और आरक्षी 640 संजय शिवचरण हेम्ब्रम शामिल थे।

City Hulchul Official

City Hulchul News की टीम बोकारो, झारखंड और देश-दुनिया से जुड़ी महत्वपूर्ण खबरों को निष्पक्ष और विश्वसनीय तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए लगातार काम करती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!