झारखंडबोकारो

बोकारो: BSL ने शुरू किया टाउनशिप-व्यापी एंटी-लार्वा अभियान, डेंगू-मलेरिया रोकथाम पर विशेष फोकस

6 विशेष टीमें करेंगी निरीक्षण, घर-घर पहुंचकर मच्छरों के प्रजनन स्थलों को किया जाएगा नष्ट; नागरिकों से सहयोग की अपील।

बोकारो | 18 जुलाई 2026 : मानसून के दौरान डेंगू, चिकनगुनिया और मलेरिया जैसी मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए बोकारो स्टील लिमिटेड (BSL) के जन स्वास्थ्य विभाग ने टाउनशिप-व्यापी एंटी-लार्वा निरीक्षण एवं जन-जागरूकता अभियान शुरू किया है। छह विशेष टीमें घर-घर जाकर निरीक्षण करेंगी और जल-जमाव वाले स्थानों पर एंटी-लार्वा उपचार करेंगी।


BSL का एंटी-लार्वा अभियान शुरू, मच्छरजनित बीमारियों पर होगी सख्त निगरानी

बोकारो स्टील लिमिटेड (BSL) के जन स्वास्थ्य विभाग ने मानसून के मौसम में डेंगू, चिकनगुनिया और मलेरिया जैसी मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए व्यापक अभियान शुरू किया है। इसके तहत पूरे बीएसएल टाउनशिप के सभी सेक्टरों में विशेष निरीक्षण और एंटी-लार्वा उपचार किया जा रहा है।

6 विशेष टीमें करेंगी टाउनशिप का निरीक्षण

अभियान को प्रभावी बनाने के लिए 6 विशेष टीमों का गठन किया गया है। प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर मच्छरों के प्रजनन स्थलों की पहचान करेंगे, जल-जमाव वाले स्थानों को हटाएंगे और आवश्यकता पड़ने पर एंटी-लार्वा दवा का छिड़काव करेंगे। इस पहल का उद्देश्य मच्छरों की संख्या को स्रोत स्तर पर ही नियंत्रित करना है।

 नागरिकों से बरतने को कहा गया ये जरूरी सावधानियां

जन स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे अपने घरों में कूलर, बाल्टी, फूलदान और अन्य बर्तनों में पानी जमा न होने दें। कूलर का पानी सप्ताह में कम से कम एक बार बदलें और सभी पानी की टंकियों व ड्रमों को ढककर रखें। साथ ही पुराने टायर, नारियल के छिलके, खाली बोतलें और अन्य कबाड़ खुले में न रखें, ताकि बारिश का पानी जमा होकर मच्छरों का प्रजनन स्थल न बन सके।

बुखार होने पर तुरंत कराएं जांच

विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को बुखार, बदन दर्द, डेंगू, चिकनगुनिया या मलेरिया जैसे लक्षण दिखाई दें तो लापरवाही न करें और तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें। साथ ही अधिकृत निरीक्षण टीमों को घरों का निरीक्षण करने और एंटी-लार्वा उपचार करने में पूरा सहयोग दें।

जनसहयोग से ही मिलेगी सफलता

बीएसएल जन स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि विभागीय प्रयासों के साथ-साथ नागरिकों की सतर्कता और सहयोग से ही मानसून के दौरान मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम प्रभावी ढंग से की जा सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!