झारखंडबोकारो

बोकारो: DC की पहल से टला विस्थापित अप्रेंटिस संघ का आंदोलन, 13 जुलाई का धरना स्थगित |

उपायुक्त अजय नाथ झा की मौजूदगी में हुई अहम बैठक, 17 अगस्त को जिला प्रशासन, बीएसएल और संघ के बीच होगी त्रिपक्षीय वार्ता।

बोकारो | 12 जुलाई 2026 : बोकारो में प्रस्तावित 13 जुलाई के धरना-प्रदर्शन को लेकर जिला प्रशासन और विस्थापित अप्रेंटिस संघ के बीच हुई अहम बैठक के बाद बड़ा फैसला लिया गया है। उपायुक्त अजय नाथ झा के आश्वासन पर संघ ने फिलहाल अपना आंदोलन स्थगित कर दिया है। अब 17 अगस्त को बीएसएल, जिला प्रशासन और संघ के बीच त्रिपक्षीय वार्ता होगी।

उपायुक्त की पहल से बनी सहमति

बोकारो समाहरणालय स्थित गोपनीय कार्यालय कक्ष में शनिवार को उपायुक्त अजय नाथ झा ने विस्थापित अप्रेंटिस संघ के अध्यक्ष एवं प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर 13 जुलाई 2026 को प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन को लेकर विस्तृत चर्चा की। बैठक में वन पदाधिकारी संदीप शींदे, अपर समाहर्ता सुनील चन्द्र, डीपीएलआर पूर्णिमा कुमारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

बीएसएल से जुड़े दस्तावेज मांगे

बैठक के दौरान संघ की विभिन्न मांगों और एजेंडों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। उपायुक्त ने संघ के प्रतिनिधियों से सोमवार तक बीएसएल से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेज डीपीएलआर कार्यालय में उपलब्ध कराने को कहा। इसके बाद जिला प्रशासन संबंधित एजेंडा के आधार पर बीएसएल प्रबंधन को आवश्यक कार्रवाई के लिए पत्र भेजेगा।

17 अगस्त को होगी त्रिपक्षीय वार्ता

उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि जिला प्रशासन विस्थापितों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रशासन समन्वय स्थापित कर समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रभावी पहल करेगा।

बैठक में यह भी तय किया गया कि 17 अगस्त 2026 को जिला प्रशासन, बीएसएल प्रबंधन और विस्थापित अप्रेंटिस संघ के बीच त्रिपक्षीय वार्ता आयोजित होगी, जिसमें सभी लंबित मुद्दों पर विस्तार से चर्चा कर समाधान तलाशने का प्रयास किया जाएगा।

फिलहाल टला आंदोलन

प्रशासन की सकारात्मक पहल और आश्वासन के बाद विस्थापित अप्रेंटिस संघ ने 13 जुलाई 2026 को प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन कार्यक्रम को फिलहाल स्थगित करने की घोषणा की। इससे फिलहाल आंदोलन टल गया है और वार्ता के जरिए समाधान निकालने की दिशा में सहमति बनी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!