जैन मिलन बोकारो का गरिमामय आयोजन, तपस्वियों का हुआ सम्मान; क्षमा, सद्भावना और भाईचारे का दिया संदेश
बोकारो | 04 अक्टूबर 2026
जैन मिलन बोकारो के तत्वावधान में रविवार को ‘विश्व मैत्री दिवस’ उत्साह और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। आयोजन में बड़ी संख्या में जैन धर्मावलंबियों ने भाग लिया और क्षमा, मैत्री एवं आपसी भाईचारे का संदेश दिया।
‘क्षमा से मजबूत होती है मानवता’
जैन मिलन के अध्यक्ष संजय बैद ने कहा कि क्षमा केवल व्यक्तिगत जीवन ही नहीं, बल्कि पूरे समाज में सद्भावना को मजबूत करती है। क्षमा का भाव लोगों को एक-दूसरे के करीब लाने के साथ मानवता को भी मजबूती प्रदान करता है।
कार्यक्रम में विश्व मैत्री दिवस के संदेश को आत्मसात करते हुए उपस्थित लोगों ने मन, वचन और काया से जाने-अनजाने में हुई भूलों के लिए एक-दूसरे से क्षमा याचना की। इस दौरान ‘मिच्छामि दुक्कड़म’ के साथ आपसी मैत्री और भाईचारे को और मजबूत करने का संकल्प लिया गया।

तपस्वियों को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मान
सचिव आलोक जैन ने बताया कि समारोह में अनिल बैद, किरण पारख, ऋषिका कोठारी, अंजू बैद, विनिता बैद, अखिलेश बम, शिल्पा सेठ, दीपक डोसी, सुरेंद्र जैन और सोनल देसाई का अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मान किया गया। उपस्थित लोगों ने तपस्वियों के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की।
भजनों से भक्तिमय हुआ माहौल
कार्यक्रम में नताशा जैन और शांतिलाल लोढ़ा ने भजन प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय बना दिया। मंच संचालन सुशील बैद ने किया, जबकि डॉ. महेंद्र जैन ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
आयोजन में जैन मिलन के पदाधिकारियों के साथ समाज के वरिष्ठ सदस्य और बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाएं उपस्थित रहे।






