कुमार मंगलम स्टेडियम में खेल भावना और सौहार्द का संदेश, प्रशिक्षु IAS अरविंद राधाकृष्णन और ईडी (HR) राजश्री बनर्जी ने संभाली कप्तानी
बोकारो | 15 अगस्त 2026 : 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बोकारो में खेल और सौहार्द का शानदार संगम देखने को मिला। बीएसएल के स्पोर्ट्स एंड सिविक अमेनिटीज विभाग की ओर से कुमार मंगलम स्टेडियम में डीसी इलेवन और डीआईसी इलेवन के बीच मैत्री फुटबॉल मैच आयोजित किया गया। मैच का शुभारंभ गुब्बारे उड़ाकर किया गया।
प्रशिक्षु IAS और ईडी HR ने किया टीमों का नेतृत्व
मैत्री फुटबॉल मैच में डीसी इलेवन की कप्तानी प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन ने की, जबकि डीआईसी इलेवन का नेतृत्व बोकारो स्टील प्लांट की कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) राजश्री बनर्जी ने किया।
खेल भावना और आपसी समन्वय का संदेश
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित इस मुकाबले का उद्देश्य खेल भावना, आपसी समन्वय, सौहार्द और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना था। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह के साथ मैदान पर अपना खेल कौशल दिखाया।
मुकाबले के दौरान खिलाड़ियों ने अनुशासन, टीम भावना और खेल भावना का परिचय दिया। स्टेडियम में मौजूद अधिकारियों, खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने मैच का आनंद लेते हुए खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
प्रशासन और BSL के बीच मजबूत हुआ सौहार्द
मैत्री फुटबॉल मैच ने प्रशासन और बोकारो स्टील प्लांट के अधिकारियों एवं कर्मियों के बीच बेहतर समन्वय और आपसी सौहार्द का संदेश दिया। स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान आयोजित यह मुकाबला लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा।
डीसी इलेवन में ये अधिकारी रहे शामिल
डीसी इलेवन टीम में अपर समाहर्ता सुनील चन्द्र, पंचायती राज पदाधिकारी मो. सफीक आलम, उप निदेशक पीआरडी रवि कुमार, डीईओ प्रवीण रंजन, डीएसई अतुल कुमार चौबे, मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार, सिटी डीएसपी राजीव रंजन, एपीआरओ अविनाश कुमार सिंह, डीडीएमओ शक्ति कुमार, एसएओ पंकज दूबे समेत अन्य अधिकारी शामिल रहे।




