मेडिकल लीव मंजूर करने के बदले मांगे थे ₹25 हजार, शिकायत के बाद CBI ने जाल बिछाकर रंगे हाथ पकड़ा
बोकारो | 16 सितंबर 2026
बोकारो जिले के भोजूडीह में CBI ने दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल के चीफ हेल्थ इंस्पेक्टर को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान चंद्रशेखर गुप्ता के रूप में हुई है। CBI के अनुसार, मेडिकल लीव मंजूर करने के एवज में शिकायतकर्ता से 25 हजार रुपये की रिश्वत मांगे जाने की शिकायत मिली थी।
शिकायत मिलने के बाद CBI ने मामले का सत्यापन किया और 15 सितंबर 2026 को केस दर्ज किया। इसके बाद एजेंसी ने जाल बिछाया। कार्रवाई के दौरान आरोपी को शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये की पहली किस्त लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया।
मेडिकल लीव मंजूर करने के बदले मांगी थी रिश्वत
CBI के मुताबिक, भोजूडीह में तैनात चीफ हेल्थ इंस्पेक्टर पर आरोप है कि उन्होंने एक रेलवे कर्मचारी की चिकित्सा छुट्टी मंजूर करने के बदले 25 हजार रुपये की अनुचित राशि की मांग की थी।
शिकायतकर्ता ने इसकी जानकारी CBI को दी। शिकायत की जांच और सत्यापन के बाद एजेंसी ने कार्रवाई की योजना बनाई।
10 हजार रुपये लेते CBI ने दबोचा
CBI की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप लगाया। आरोपी अधिकारी जैसे ही शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये की रिश्वत स्वीकार कर रहा था, टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
मामले में CBI की कार्रवाई के बाद रेलवे महकमे में भी हलचल की स्थिति बनी हुई है।
कार्यालय और आवासीय परिसर में तलाशी
गिरफ्तारी के बाद CBI की टीम ने आरोपी लोक सेवक के कार्यालय और आवासीय परिसर की तलाशी ली। एजेंसी की ओर से मामले में आगे की जांच जारी होने की बात कही गई है।
धनबाद की अदालत में होगी पेशी
गिरफ्तार आरोपी को धनबाद स्थित सक्षम अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा। CBI इस मामले में रिश्वत मांगने और स्वीकार करने से जुड़े तथ्यों की आगे जांच कर रही है।






