गिरिडीहझारखंड

गिरिडीह में ट्रेलर ने बाइक सवारों को रौंदा, युवक और बच्चे की मौत, दूसरा बच्चा बचा

गिरिडीह ट्रेलर हादसा: युवक और बच्चे की मौत, एक बच्चा चमत्कारिक रूप से बचा

गिरिडीह : मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के चतरो के पास सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा गिरिडीह-टुंडी रोड पर हुआ जब एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवारों को अपनी चपेट में ले लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक पर एक युवक और दो बच्चे सवार थे। ट्रेलर मोहनपुर से टुंडी की ओर जा रहा था और उसी दिशा में बाइक सवार भी आगे बढ़ रहे थे। चतरो के समीप ट्रेलर ने अचानक बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक चला रहे युवक और एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई।

दूसरा बच्चा इस भीषण हादसे में चमत्कारिक रूप से बच गया, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे के तुरंत बाद ट्रेलर चालक वाहन समेत धनबाद की ओर फरार हो गया।

घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने गिरिडीह-टुंडी रोड को जाम कर प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। हालात को संभालने के लिए मुफ्फसिल थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर श्याम किशोर महतो ने महतोडीह पिकेट से पुलिस बल भेजा।

पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और ट्रेलर चालक की तलाश में विशेष अभियान शुरू कर दिया गया है। घायल बच्चे की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!