बिहार

विश्व जनसंख्या दिवस पर कैमूर में संगोष्ठी व भाषण प्रतियोगिता का आयोजन, युवाओं को सशक्त बनाने पर दिया गया बल

विश्व जनसंख्या दिवस 2025: मेरा युवा भारत, कैमूर द्वारा संगोष्ठी एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन

कैमूर: विश्व जनसंख्या दिवस 2025 के अवसर पर “मेरा युवा भारत” कैमूर द्वारा एक प्रेरणादायक संगोष्ठी सह भाषण प्रतियोगिता का आयोजन भभुआ स्थित चिल्ड्रेन्स अकादमी केयर जोन के प्रांगण में किया गया। इस अवसर पर समाजसेवी शिवम कुमार ने कार्यक्रम का नेतृत्व करते हुए युवाओं को जागरूकता और सशक्तिकरण के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम की शुरुआत संगोष्ठी से हुई जिसमें विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिवम कुमार ने अपने संबोधन में विश्व जनसंख्या दिवस 2025 की थीम – “युवाओं को सशक्त बनाना ताकि वे एक समान और आशावादी दुनिया में अपनी पसंद का परिवार बना सकें” पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज की युवा पीढ़ी को निर्णय-निर्माण की प्रक्रिया में अधिकार, संसाधन और जानकारी मिलनी चाहिए, जिससे वे भविष्य की नींव मजबूत कर सकें।

विद्यालय के प्रधानाध्यापक विनय सिन्हा ने जनसंख्या वृद्धि की गंभीरता को रेखांकित करते हुए कहा कि वर्तमान में विश्व जनसंख्या 8.2 अरब तक पहुँच चुकी है और 2050 तक इसके 10 अरब तक पहुँचने की संभावना है। उन्होंने युवाओं को आने वाली सामाजिक, आर्थिक व पर्यावरणीय चुनौतियों के लिए तैयार रहने का आह्वान किया।

भाषण प्रतियोगिता में प्रतिभाओं ने दिखाया दमखम

संगोष्ठी के बाद, विश्व जनसंख्या दिवस की थीम पर आधारित एक भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई जिसमें प्रतिभागियों ने अपने विचारों की सशक्त प्रस्तुति दी। निर्णायक मंडल द्वारा विजेताओं की घोषणा की गई:

  • प्रथम स्थान: शिफा परवीन

  • द्वितीय स्थान: सहिन फातिमा

  • तृतीय स्थान: आयुष कुमार

प्रतिभागियों को समाजसेवी शिवम कुमार, प्रधानाध्यापक, एवं विद्यालय के शिक्षकों द्वारा मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।

विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति में कार्यक्रम संपन्न

कार्यक्रम में विद्यालय की निर्देशिका नीलम श्रीवास्तव, एम.डी. मयंक राज विष्णु, शिक्षक सुबोध सिन्हा, ऋषि कुमार, नरेश कुमार, नितेश कुमार, श्याम नारायण, स्मृति सिन्हा, पूजा श्रीवास्तव, मंजू कुमारी समेत अनेक छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में अतिथियों एवं सभी प्रतिभागियों को धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

इस आयोजन की जानकारी मेरा भारत, कैमूर के जिला युवा अधिकारी सुशील करोलिया ने दी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!