राजस्थान के युवक को शादी के नाम पर धनबाद बुलाया, खरीदारी के बाद गांव ले जाकर कराया सिंदूरदान; पुलिस ने कपड़े-गहने किए बरामद
धनबाद | 9 सितंबर 2026
धनबाद: शादी के नाम पर ठगी और मारपीट के एक मामले में धनबाद पुलिस ने कथित ‘लुटेरी दुल्हन’ गैंग का पर्दाफाश किया है। बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में राजस्थान के एक युवक के परिवार को शादी का झांसा देकर कथित तौर पर ठगी करने के मामले में पुलिस ने 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से शादी के लिए खरीदे गए कपड़े और गहने भी बरामद किए गए हैं।
राजस्थान से शादी के नाम पर बुलाया धनबाद
मामले की शिकायत राजस्थान निवासी रमेश नट ने 7 सितंबर की देर शाम बरवाअड्डा थाना में की थी। शिकायत के अनुसार, सपना नाम की एक महिला ने 3 सितंबर को रमेश नट से फोन पर संपर्क किया और उनके भतीजे की शादी के लिए दो युवतियों की तस्वीरें भेजीं।
शादी की बातचीत आगे बढ़ने के बाद रमेश अपने भाई, भतीजे इकबाल और भाभी के साथ धनबाद पहुंचे।
पहले कराई खरीदारी, फिर गांव में कराया सिंदूरदान
पीड़ित परिवार के मुताबिक धनबाद पहुंचने के बाद गिरोह में शामिल महिला और पुरुषों ने शादी के नाम पर उनसे खरीदारी करवाई। इसके बाद उन्हें एक गांव में ले जाया गया, जहां युवक से लड़की की मांग में सिंदूर भरवाया गया।
आरोप है कि इसके बाद कहा गया कि शादी हो गई है और सभी लोग घर चलकर भोजन करें। जब लड़के वालों ने इस पर आनाकानी की तो कथित तौर पर उनके साथ मारपीट की गई और उन्हें वहां से भगा दिया गया।
फोन लोकेशन से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
घटना की शिकायत मिलने के बाद बरवाअड्डा पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने तकनीकी जांच और फोन लोकेशन के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई और अलग-अलग स्थानों से 10 लोगों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के पास से शादी के लिए खरीदे गए कपड़े और गहने बरामद किए गए हैं।
ये 10 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में अजय दास (सोनारडीह), राजेश कुमार (खरनी), मंतोष साव (बाबूडीह), सुमन विश्वकर्मा (महुदा), चंदन शर्मा (भूली), नीलम देवी (सरायढेला), पूजा कुमारी (तिसरा), मकरी देवी (चरकबरई), विशु यादव (इसरी) और राजेंद्र साव (गिरिडीह) शामिल हैं।
मामले की जानकारी डीएसपी वन कुमार बिनोद ने प्रेस वार्ता के दौरान दी। पुलिस अब गिरोह के नेटवर्क और इस तरह की अन्य घटनाओं में इनकी संलिप्तता की भी जांच कर रही है।






