डीईओ सह DC अजय नाथ झा ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ की समीक्षा बैठक, 2.79 लाख मतदाताओं की नोटिस-सुनवाई प्रक्रिया जारी
बोकारो | 8 सितंबर 2026
बोकारो जिले में मतदाता सूची निर्माण और पुनरीक्षण की प्रक्रिया को लेकर प्रशासन ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। सोमवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अजय नाथ झा ने समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर मतदाता सूची से जुड़ी प्रक्रियाओं की समीक्षा की।
बैठक में डीसी ने कहा कि मतदाता सूची निर्माण की पूरी प्रक्रिया में सभी की सक्रिय सहभागिता जरूरी है। उन्होंने प्रशासन, राजनीतिक दलों और आम मतदाताओं से पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ दायित्व निभाने की अपील की।
लोकतंत्र की मजबूती के लिए शुद्ध मतदाता सूची जरूरी
डीईओ सह डीसी अजय नाथ झा ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए शुद्ध और त्रुटिरहित मतदाता सूची बेहद जरूरी है। इसके लिए प्रशासन के साथ राजनीतिक दलों और उनके प्रतिनिधियों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने राजनीतिक दलों से अपील की कि वे अपने क्षेत्रों में पात्र मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करें।
BLA-2 को सक्रिय रखने पर जोर
बैठक में राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट-2 (BLA-2) को सक्रिय रखने पर विशेष जोर दिया गया।
प्रशासन के अनुसार, ऐसे नए मतदाता जिनकी आयु 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष पूरी हो रही है, अथवा 18 वर्ष से अधिक आयु के ऐसे लोग जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ प्रपत्र-6 भरकर संबंधित BLO के पास जमा कर सकते हैं।
डीसी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से पात्र मतदाताओं को मतदाता सूची से जोड़ने में BLA-2 की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
बोकारो में अब तक 81,850 फॉर्म-6 प्राप्त
बैठक में चारों विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए प्राप्त फॉर्म-6 की स्थिति की समीक्षा की गई।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 27.08.24 से 07.09.26 तक बोकारो जिले में कुल 81,850 फॉर्म-6 प्राप्त हुए हैं। इनमें से 56,532 आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है, जबकि 25,318 आवेदन प्रक्रिया में लंबित हैं।
विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़े इस प्रकार हैं—
- गोमिया: 17,737 आवेदन
- बेरमो: 16,017 आवेदन
- बोकारो: 36,418 आवेदन
- चंदनकियारी: 11,669 आवेदन
डीसी ने संबंधित अधिकारियों को लंबित आवेदनों के निष्पादन में तेजी लाने और निर्धारित प्रक्रिया के तहत समय पर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
2.79 लाख मतदाताओं से संबंधित नोटिस और सुनवाई जारी
बैठक में मतदाता सूची से संबंधित नोटिस और सुनवाई चरण की भी समीक्षा की गई। प्रशासन के अनुसार, जिले में कुल 2,79,044 मतदाताओं से संबंधित नोटिस एवं सुनवाई की प्रक्रिया संचालित की जा रही है।
डीईओ सह डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नोटिस और सुनवाई की पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से पूरी की जाए।
शिकायतों और सुझावों के समय पर निष्पादन का निर्देश
डीसी ने अधिकारियों से राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से प्राप्त मतदाता सूची संबंधी शिकायतों और सुझावों का गंभीरता से संज्ञान लेने तथा उनका ससमय निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने कहा कि प्रशासन, राजनीतिक दल और आम मतदाता सभी इस महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक प्रक्रिया के सहभागी हैं। सामूहिक प्रयास से यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
बैठक में जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रेमचंद सिन्हा, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह समेत भाजपा, कांग्रेस, सीपीआई(एम), बहुजन समाज पार्टी, आम आदमी पार्टी और राष्ट्रीय जनता दल के प्रतिनिधि मौजूद रहे।






