क्राइमझारखंडधनबाद

धनबाद में बड़ी चोरी: रिटायर्ड शिक्षक के घर से 8 लाख के गहने और कार चोरी

परिवार के बाहर रहने का उठाया फायदा, अलमारियां तोड़कर लाखों की संपत्ति ले उड़े चोर

धनबाद: भूली थाना क्षेत्र से एक बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है, जहां चोरों ने एक रिटायर्ड शिक्षक के सूने घर को निशाना बनाकर लाखों की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया।

यह घटना भूली बस्ती स्थित हड़कू भट्ठा के पास की बताई जा रही है। यहां रहने वाले रिटायर्ड शिक्षक अशोक श्रीवास्तव अपने परिवार के साथ इलाज के लिए पुणे गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने घर को निशाना बनाया।

मौके का फायदा उठाते हुए चोरों ने घर का ताला तोड़ा और अंदर घुसकर तीन अलमारियां और दो ट्रंक को पूरी तरह खंगाल दिया। गृहस्वामी के अनुसार चोर करीब 8 लाख रुपये के सोने के जेवर, आधा किलो चांदी के गहने और लगभग 15 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।

सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि चोर घर के गैरेज में खड़ी हुंडई i10 कार भी अपने साथ ले गए, जिससे चोरी की वारदात और भी बड़ी हो गई।

सोमवार सुबह जब पड़ोसियों की नजर घर पर पड़ी और ताला गायब दिखा, तो उन्हें शक हुआ। अंदर झांकने पर चोरी की इस घटना का खुलासा हुआ, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और चोरों की तलाश जारी है।

इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जता रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!