चरणबद्ध आंदोलन के दूसरे चरण का दूसरा दिन, कर्मचारियों ने वेज रिवीजन और PRP फॉर्मूला को लेकर जताया विरोध
बोकारो | 24 सितंबर 2026
बोकारो स्टील प्लांट में कर्मचारियों के लंबित मुद्दों को लेकर BSL अनाधिशासी कर्मचारी संघ (BAKS) का आंदोलन जारी है। चरणबद्ध आंदोलन के दूसरे चरण के दूसरे दिन यूनियन ने SMS-2 CCS CGM कार्यालय के सामने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन का संचालन विभागीय प्रतिनिधि अनिरुद्ध शर्मा ने किया। इस दौरान संयंत्र के नियमित कर्मचारियों ने हिस्सा लिया।
45 से अधिक मुद्दे सेल कॉर्पोरेट स्तर पर लंबित होने का दावा
BAKS के अनुसार, BSL कर्मचारियों के 45 से अधिक मुद्दे सेल कॉर्पोरेट स्तर पर लंबित हैं। वहीं, 60 से अधिक मुद्दे बोकारो स्टील प्लांट स्तर पर लंबित होने का दावा किया गया है।
यूनियन का कहना है कि इन मुद्दों को लेकर कर्मचारियों में नाराजगी है। इसी के चलते चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया गया है।

वेज रिवीजन और बोनस को लेकर भी मांग
BAKS सहित कई यूनियनों ने वेज रिवीजन 2017, एरियर, बोनस फॉर्मूला, NJCS में सुधार और ग्रेच्युटी से जुड़े मामलों को लेकर अलग-अलग न्यायालयों में मुकदमे दायर किए हैं।
यूनियन नेताओं ने इन मुद्दों के समाधान की मांग की है।
आमरण अनशन और मौन जुलूस का ऐलान
सभा को संबोधित करते हुए विभागीय प्रतिनिधि त्रिवेणी सिंह ने कर्मचारियों से आगे होने वाले आमरण अनशन और मौन जुलूस को समर्थन देने की अपील की।
उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के मुद्दों पर अब निर्णायक आंदोलन की जरूरत है। उन्होंने प्रबंधन और सरकार के रवैये को लेकर भी अपनी नाराजगी जाहिर की।

PRP फॉर्मूला लागू करने की मांग
विभागीय प्रतिनिधि अनिरुद्ध शर्मा और त्रिवेणी सिंह ने संयुक्त बयान में उत्पादन आधारित फॉर्मूला (PRP) लागू करने की मांग की।
उनका कहना है कि मौजूदा फॉर्मूला रद्द कर उत्पादन आधारित व्यवस्था लागू की जाए। मांगें नहीं माने जाने पर आंदोलन को आगे बढ़ाने की चेतावनी दी गई है।
तीसरे चरण में काला झंडा और मौन जुलूस
BAKS के अनुसार, दूसरे चरण में बड़े विभागों में विरोध प्रदर्शन के बाद आंदोलन के तीसरे चरण की शुरुआत होगी।
इस चरण में काला झंडा लेकर मौन जुलूस निकाला जाएगा। इसके बाद यूनियन की ओर से आमरण अनशन की बात कही गई है।
प्रदर्शन के दौरान यूनियन महासचिव हरिओम, अध्यक्ष दिलीप कुमार, उपमहासचिव माणिक मुंडा, कोषाध्यक्ष राहुल साव और कार्यकारिणी के अन्य सदस्यों ने भी संबोधित किया।



